अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रुड़की में विशेष योग एवं वेलनेस सत्र आयोजित

रुड़की, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर “योगा फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ” थीम के अंतर्गत द आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा विश्वदीप अपार्टमेंट, आसफ नगर बैराज, रुड़की में विशेष योग एवं वेलनेस सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में वाल्टर बुशनेल लाइफसाइंसेज के कर्मचारियों सहित द आर्ट ऑफ लिविंग के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सत्र के दौरान योगाभ्यास, प्राणायाम एवं ध्यान की विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनसे प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर श्री बिजया भूषण नायक, श्री गौरव, चारु दीदी एवं कर्नल विशाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, एकाग्रता और समग्र कल्याण को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने सभी से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

योग सत्र में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक ध्यान एवं स्वास्थ्य जागरूकता संदेश के साथ हुआ।

आयोजकों ने कहा कि “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” की अवधारणा को साकार करने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वस्थ एवं संतुलित समाज के निर्माण के लिए योग को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।