


रुड़की। एलएंडटी फाइनेंस लिमिटेड की रुड़की शाखा ने एक ग्राहक पर चोरी के सोने के कंगन गिरवी रखकर गोल्ड लोन प्राप्त करने का आरोप लगाया है। मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शाखा प्रबंधक बलराज सिंह द्वारा न्यायालय में दायर प्रार्थना पत्र के अनुसार, ढंडेरा निवासी आकाश शर्मा ने कंपनी से अलग-अलग अवसरों पर पांच गोल्ड लोन लिए थे। आरोप है कि 18 नवंबर 2025 को उसने 23.96 ग्राम वजन के दो सोने के कंगन गिरवी रखकर 1.68 लाख रुपये का ऋण प्राप्त किया। लोन प्रक्रिया के दौरान उसने दस्तावेजों में उक्त आभूषणों को अपनी पुश्तैनी संपत्ति बताया था।

कंपनी का आरोप है कि बाद में पुलिस द्वारा शाखा को जानकारी दी गई कि गिरवी रखे गए सोने के कंगन चोरी के हैं। इसके बाद कंपनी ने मामले में कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि पुलिस स्तर पर प्राथमिकी दर्ज न होने पर न्यायालय की शरण ली गई।
न्यायालय के आदेश के बाद कोतवाली रुड़की पुलिस ने आरोपी आकाश शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
