


हरिद्वार। पुलिस और एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) की संयुक्त टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 44 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार रोशनाबाद-बुग्गावाला मार्ग पर ग्राम कुड़कुवाला तिराहे के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 44 नशीले इंजेक्शन लीगेसिक (ब्यूप्रेनॉर्फिन) बरामद हुए। बरामद इंजेक्शनों में कुल 88 मिलीग्राम नशीला पदार्थ पाया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुर्बान के रूप में हुई है, जो मोहल्ला चौहानन, ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार का निवासी बताया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने क्षेत्र में सक्रिय कुछ बड़े ड्रग तस्करों और सप्लायरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। पुलिस इन नामों के आधार पर आगे की जांच कर रही है और संबंधित तस्करों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद एक काले रंग की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें अपने क्षेत्र में नशा तस्करी या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
