


भगवानपुर। हत्या के एक मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर भगवानपुर पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों के घर पहुंचकर ढोल-नगाड़ों के साथ धारा 84 बीएनएसएस के तहत उद्घोषणा की कार्रवाई की और उन्हें न्यायालय में उपस्थित होने की चेतावनी दी।
पुलिस के अनुसार, 17 मई 2026 को होटल धरोहर में कलीम नामक युवक के साथ होटल संचालकों द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई थी, जिसके बाद उसकी मृत्यु हो गई। इस संबंध में दर्ज मुकदमे में भगवानपुर पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

मामले में नामजद आरोपी अर्पित पुत्र प्रवीण चौहान निवासी खुब्बनपुर तथा ऋषिकेश सिंह पुत्र रमेश सिंह निवासी खुब्बनपुर लगातार गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका है।
न्यायालय रुड़की के आदेश पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के घरों पर उद्घोषणा नोटिस चस्पा किए। इस दौरान ढोल-नगाड़ों के माध्यम से क्षेत्रवासियों को भी कार्रवाई की जानकारी दी गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के भीतर न्यायालय में उपस्थित न होने पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
