मैकेनिक पर अभद्रता और गाली-गलौज का आरोप, पुलिस से की कार्रवाई की मांग

रुड़की। रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी ने एक मैकेनिक पर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट की धमकी देने का आरोप लगाते हुए सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, इमली रोड निवासी अब्दुल मलिक, जो रेलवे से सेवानिवृत्त हैं, ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि कुछ दिन पूर्व वह अपनी स्कूटी से सर्वाइकल दर्द के उपचार हेतु सहारनपुर जा रहे थे। रास्ते में रामपुर रोड स्थित एक मैकेनिक की दुकान पर रुके, जहां दो नाबालिग काम करते मिले।

अब्दुल मलिक के अनुसार, उन्होंने दोनों नाबालिगों से दुकान मालिक के बारे में पूछा, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। काफी देर इंतजार करने के बाद जब उन्होंने दोबारा और ऊंची आवाज में मालिक के बारे में पूछा, तो दुकान के अंदर से मैकेनिक बाहर आया और कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने उनके साथ अभद्रता की तथा मारपीट करने पर भी उतारू हो गया।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित मैकेनिक पूर्व में बाइक चोरी के एक मामले में पकड़ा जा चुका है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है तथा जांच के उपरांत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।