स्कूल परिसर में देह व्यापार मामले पर महिला आयोग सख्त, डीएम को जांच के निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने देहरादून के एक स्कूल परिसर में कथित देह व्यापार संचालित होने के मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए कड़ा रुख अपनाया है। महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने जिलाधिकारी को मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

आयोग अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा के मंदिर में इस प्रकार की गतिविधियां बेहद गंभीर और अक्षम्य हैं। उन्होंने प्रशासन से पूरे रैकेट का खुलासा कर सरगनाओं को बेनकाब करने को कहा है। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि शिक्षण संस्थानों के आसपास शराब, नशा और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की विशेष जांच कराई जाए।

महिला आयोग ने प्रशासन को भविष्य में शैक्षणिक संस्थानों के आसपास इस तरह की अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा है।

कुसुम कंडवाल ने अभिभावकों से भी अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखें। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपराध और गलत संगत से बचाने में माता-पिता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।