


देहरादून। चंद्रबनी चौक के पास स्थित एक सैलून में गुरुवार सुबह अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस देहरादून की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, सिटी कंट्रोल रूम के माध्यम से फायर स्टेशन देहरादून को चंद्रबनी चौक के पास आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही फायर यूनिट तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आग बिग मास्टर हेयर एंड ब्यूटी सैलून में लगी थी और तेजी से फैल रही थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर कर्मियों ने एक होजरील और एक डिलीवरी होज पाइप की सहायता से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। टीम ने आग को चारों ओर से घेरकर नियंत्रित किया और काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
राहत कार्य के दौरान गैल फायर सर्विस की टीम ने भी सहयोग किया। आग लगने से सैलून के भीतर रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास की दुकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
