बारिश और बर्फबारी से बदला मौसम का मिजाज, मई में ठंडक से लोगों को राहत

Dehrdaun: प्रदेश में बीते कुछ दिनों से हो रही बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी और तेज हवाओं के चलते मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश के कारण सूर्य की तपिश कम महसूस हो रही है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास भी बना हुआ है, जिसे मई महीने के लिहाज से असामान्य माना जा रहा है। मौसम में आए इस बदलाव को मौसम वैज्ञानिक जलवायु पैटर्न में परिवर्तन और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से जोड़कर देख रहे हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार पिछले दो वर्षों से मौसम के स्वरूप में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। बीते वर्ष भी मई के शुरुआती दिनों में बारिश और तेज हवाओं के कारण गर्मी का असर कम रहा था। इस वर्ष भी मैदानी इलाकों में अभी तक तेज गर्मी महसूस नहीं हुई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम दर्ज किया गया। दून में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 23 डिग्री सेल्सियस रहा।

प्रदेश के अन्य मैदानी इलाकों में भी तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में और अधिक गिरावट देखी गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दो से तीन दिनों तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने की संभावना है।