खाई में गिरी कार, तीन जागरी कलाकारों की दर्दनाक मौत

अल्मोड़ा, बृहस्पतिवार। अल्मोड़ा जिले के भतरोंजखान थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा रापड़ मोड़ से सोनी रानीखेत जाने वाले मार्ग पर हुआ, जहां एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

पुलिस के अनुसार सुबह करीब चार बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि भाटिया-भिकियासैंण मार्ग के पास वाहन संख्या यूके 04एफ6683 की नंबर प्लेट सड़क किनारे पड़ी हुई है। आसपास वाहन नहीं मिलने पर कार के खाई में गिरने की आशंका जताई गई।

सूचना मिलते ही थाना भतरोंजखान पुलिस, 108 सेवा, एसडीआरएफ, आपदा कंट्रोल, राजस्व विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान वाहन सड़क से लगभग 150 मीटर नीचे खाई में क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला।

रेस्क्यू के दौरान कार में सवार तीनों लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी, तहसील रानीखेत तथा कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल, तहसील रानीखेत (उम्र 32 वर्ष) के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।

जानकारी के मुताबिक तीनों लोग जागरी का कार्य करते थे और मंगलवार रात ग्राम चमोली पुसैला में आयोजित जागर कार्यक्रम से लौट रहे थे। लौटते समय रास्ते में यह हादसा हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी रानीखेत भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।