


चंपावत। जिले के सल्ली क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने बीमार पिता को इलाज के लिए चंपावत लाई थी। पांच मई 2026 को वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों द्वारा संपर्क करने पर उसने बताया कि एक युवक उसे सल्ली क्षेत्र में एक शादी में लेकर गया है। इसके बाद देर रात तक उसका फोन बंद हो गया।
परिजनों और पुलिस की तलाश के बाद बुधवार सुबह करीब चार बजे पीड़िता को एक कमरे से बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि वह कमरे में बंधी हुई अवस्था में मिली। पीड़िता ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के तीन लोगों ने हथियारों के बल पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात के बाद पीड़िता को कमरे में बंद कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने पूरन सिंह रावत, विनोद सिंह रावत और नवीन सिंह रावत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(2), 127(2), 351(2) तथा पोक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
