


रुड़की। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा के निर्देशों के बाद परिवहन विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आरटीओ कार्यालय के आसपास चल रही अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसा। एआरटीओ और प्रवर्तन टीम की संयुक्त छापेमारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
एआरटीओ प्रशासन जितेंद्र कुमार और आरटीओ प्रवर्तन अधिकारी केके पड़ियाल के नेतृत्व में टीम ने संदिग्ध सीएससी सेंटरों और अवैध रूप से परिवहन संबंधी कार्य कर रहे लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई दुकानों और सेंटरों की गहन जांच की गई।


कार्रवाई के दौरान एक दुकान से महत्वपूर्ण दस्तावेज, लैपटॉप, प्रिंटर सहित अन्य उपकरण बरामद कर उन्हें सील कर दिया गया। छापेमारी की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अपनी दुकानें बंद कर मौके से हटते नजर आए।
इसके अलावा आरटीओ कार्यालय के पास संचालित एक सेकेंड हैंड कार डीलर के प्रतिष्ठान की भी जांच की गई। आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित शुल्क न मिलने पर प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।
एआरटीओ प्रशासन जितेंद्र कुमार ने स्पष्ट किया कि परिवहन विभाग से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं आरटीओ प्रवर्तन अधिकारी केके पड़ियाल ने कहा कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
