रायसी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से तेल और तार चोरी का सिलसिला जारी, पुलिस जांच में जुटी

Roorkee, रायसी/महाराजपुर कलां:
क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों से तेल और विद्युत तार चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे ग्रामीणों और किसानों में चिंता बढ़ती जा रही है। ताजा मामला महाराजपुर कलां गांव का है, जहां चोरों ने एक किसान के खेत में लगे ट्रांसफार्मर को निशाना बनाया।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने किसान जबर सिंह के खेत में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर से तेल चोरी कर लिया। इतना ही नहीं, ट्रांसफार्मर तक आने वाले करीब एक हजार मीटर से अधिक बिजली के तार भी उखाड़कर ले गए।

गौरतलब है कि हाल ही में कोतवाली पुलिस ने ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया था। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर 240 लीटर चोरी का तेल बरामद किया गया था। हालांकि, गिरोह के दो अन्य सदस्य पुलिस की घेराबंदी से फरार होने में सफल रहे थे।

ऊर्जा निगम के अवर अभियंता मनोज कुमार सैनी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।