रामनगर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार ने दो महिलाओं को कुचला, मौके पर मौत

Roorkee : रामनगर क्षेत्र में बैलपड़ाव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात कार ने पैदल जा रही दो महिलाओं को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक महिलाओं की पहचान पट्टापानी बैलपड़ाव निवासी कमला देवी (पत्नी शिवराज सिंह) और पुष्पा देवी (पत्नी केवलानंद भट्ट) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं सड़क किनारे पैदल चल रही थीं, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।

इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर किया है।