


देहरादून। वीकेंड शुरू होते ही बड़ी संख्या में पर्यटक उत्तराखंड पहुंचने लगे हैं। पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही का असर राजधानी देहरादून और आसपास के मार्गों पर साफ दिखाई दिया। भारी वाहनों की आवाजाही के चलते दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया।
दून से मोहंड तक सैलानियों के वाहन घंटों जाम में फंसे रहे। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई पर्यटक अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों तक सड़क पर इंतजार करते रहे।

वीकेंड और पर्यटन सीजन की वजह से मसूरी, ऋषिकेश, हरिद्वार और अन्य पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले मार्गों पर भी यातायात का दबाव बढ़ गया है। पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीमें यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में जुटी रहीं।
प्रशासन ने पर्यटकों से यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
