


देवप्रयाग,
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के पास केदारनाथ धाम से दर्शन कर दिल्ली लौट रहे श्रद्धालुओं की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हो गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
थाना कोतवाल प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा और दुर्गम रास्तों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाया गया। टीम ने एक घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जिसे राफ्ट के जरिए नदी मार्ग से लाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि कार में सवार एक महिला अभी भी लापता है। पुलिस के अनुसार वाहन के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से आशंका है कि महिला खाई में दूर जा गिरी हो सकती है। राहत एवं बचाव दल द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है। प्रशासन ने बताया कि लापता महिला की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक उसे ढूंढ नहीं लिया जाता।
