हाईस्कूल रिजल्ट के बाद छात्र ने आत्महत्या का किया प्रयास, हालत गंभीर

लोहाघाट। उत्तराखंड बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा परिणाम के बाद चंपावत जिले के लोहाघाट विकासखंड से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक छात्र ने फंदे से लटककर आत्महत्या का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि छात्र ने परीक्षा में 73 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे।

शनिवार को छात्र ने घर के अंदर फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की। मौके पर मौजूद एक बच्ची ने उसे लटकते देखा और तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए छात्र को फंदे से उतारकर उप जिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया।

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि छात्र अचेत अवस्था में लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया।

चंपावत जिला अस्पताल में भी प्राथमिक उपचार के बाद छात्र को हायर सेंटर भेजा गया। चिकित्सक डॉ. गौरांग जोशी के अनुसार सीटी स्कैन में फिलहाल कोई स्पष्ट समस्या सामने नहीं आई है, लेकिन मस्तिष्क से जुड़ी संभावित दिक्कतों को देखते हुए एमआरआई के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि छात्र ने परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट होकर यह कदम उठाया हो सकता है। छात्र के पिता होटल व्यवसाय में कार्यरत हैं, जबकि घर पर माता और अन्य परिजन रहते हैं।

यह घटना एक बार फिर इस बात की ओर इशारा करती है कि परीक्षा परिणाम को लेकर बच्चों पर बढ़ता मानसिक दबाव गंभीर रूप ले सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे समय में अभिभावकों और शिक्षकों को बच्चों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें भावनात्मक सहयोग देने की जरूरत है।