केदारनाथ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ सतर्क, शुरू हुई निशुल्क जांच

केदारनाथ। केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) ने विशेष पहल शुरू की है। यात्रा मार्ग पर तैनात जवानों को श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच करने और उन्हें आवश्यक परामर्श देने के निर्देश जारी किए गए हैं।

सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिंचोली क्षेत्र में स्वास्थ्य जांच और जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत यात्रा मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों की नियमित जांच की जा रही है और उन्हें आवश्यक सुझाव दिए जा रहे हैं।

अभियान के अंतर्गत प्रशिक्षित पैरामेडिक्स द्वारा निशुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है, जिसमें रक्तचाप, शुगर स्तर और ऑक्सीजन स्तर की जांच शामिल है। साथ ही श्रद्धालुओं को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में होने वाली समस्याओं जैसे ऑक्सीजन की कमी, अत्यधिक थकान, रक्तचाप में उतार-चढ़ाव और चक्कर आने के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

सेनानायक ने यह भी कहा कि यात्रा के दौरान यदि किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ती है या कोई आपात स्थिति उत्पन्न होती है, तो वह तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सा राहत पोस्ट से संपर्क कर सकता है।

एसडीआरएफ जवानों द्वारा त्वरित रेस्क्यू, स्ट्रेचर सुविधा और अन्य आपातकालीन सहायता सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को हर संभव मदद मिल सके।