

नई दिल्ली:
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में बड़े हमले की साजिश को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने समय रहते नाकाम कर दिया है। पुलिस ने पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर और आईएसआई के कथित प्रॉक्सी शहजाद भट्टी के इशारे पर काम कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

स्पेशल सेल को खुफिया जानकारी मिली थी कि पाकिस्तान में बैठा शहजाद भट्टी और आईएसआई से जुड़े अन्य लोग भारत में मौजूद अपने साथियों के जरिए दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में ग्रेनेड हमले और टारगेट किलिंग की साजिश रच रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजवीर (21) और विवेक बंजारा (19) के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के ग्वालियर के निवासी हैं। स्पेशल सेल ने इन्हें एक विशेष अभियान के तहत पकड़ा। पुलिस ने आरोपी राजवीर के पास से एक पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा दोनों के पास से दो मोबाइल फोन भी मिले हैं, जिनमें आपत्तिजनक वीडियो और वॉयस नोट्स पाए गए हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि राजवीर अपने हैंडलर शहजाद भट्टी के निर्देश पर दिल्ली-एनसीआर के एक प्रमुख होटल को निशाना बनाने की तैयारी कर रहा था। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। साथ ही संभावित लक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

