

लक्सर-खानपुर हाईवे किनारे गंगनौली गांव के पास स्थित एक ऑटोमोटिव कंपनी में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना शाम करीब 7 बजे एचटी फर्नेस एरिया में हुई, जहां मोटरसाइकिल की चेन की कड़ियों को 1000 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान पर गर्म किया जा रहा था। इसी दौरान एक गर्म कड़ी पास में पड़े कागज और कबाड़ पर गिर गई, जिससे आग भड़क उठी।

घटना ने कंपनी प्रबंधन की गंभीर लापरवाही को उजागर किया है। कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी में कोई फायरकर्मी तैनात नहीं था और मौजूद अग्निशमन सिलेंडर भी एक्सपायर हो चुके थे, जिससे शुरुआती स्तर पर आग बुझाने में दिक्कत आई। कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाने की कोशिश की।
सूचना मिलने पर लक्सर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कर्मचारियों के साथ मिलकर आग पर नियंत्रण पाया। अग्निशमन अधिकारी कुंवर सिंह राणा ने बताया कि यदि समय पर कार्रवाई न होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी में सुरक्षा उपकरणों और सिलेंडरों की स्थिति की जांच की जाएगी। यदि जांच में लापरवाही पाई गई तो कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

