मंगलौर में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी माल सहित गिरफ्तार

मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला कोयल में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक शातिर चोर को चोरी के शत-प्रतिशत माल के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम नगला कोयल में एक घर की पिछली दीवार तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और नारसन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

25 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नगला कोयल-नारसन चकरोड़ स्थित समाधि के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने लालच में अपने ही गांव के एक घर में चोरी करना स्वीकार किया। वह चोरी का सामान पुरकाजी की ओर बेचने जा रहा था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके पास से चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया। बरामद सामान में सोने की बाली, गोल्ड प्लेटेड झुमके, तीन अंगूठियां, एक हार, एक मंगलसूत्र, चांदी की पाजेब व बिछुवे, ₹2,530 नकद, अल्ट्राटेक के कट्टे में लगभग 15 किलो गेहूं तथा आधार कार्ड की छायाप्रति शामिल है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सादिक पुत्र दिलशाद (उम्र लगभग 25 वर्ष), निवासी ग्राम नगला कोयल, कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज के साथ कांस्टेबल पंकज कुमार, देश दीपक बाली और सुधीर कुमार शामिल रहे।