

रुड़की के सोलानी नदी मैदान में स्टेट रग्बी चैंपियनशिप के लिए ट्रायल प्रक्रिया शुरू हो गई है। ट्रायल में जिले और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

चयनकर्ताओं द्वारा खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन, फिटनेस और खेल कौशल के आधार पर किया जा रहा है। ट्रायल के दौरान युवाओं में रग्बी के प्रति बढ़ता उत्साह साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। खिलाड़ी पूरे जोश के साथ मैदान में अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं, वहीं कोच और चयनकर्ता बारीकी से निरीक्षण कर सर्वश्रेष्ठ टीम चुनने में जुटे हैं।
उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एवं कोच आयुष सैनी और सचिव यशवंत सिंह ने जानकारी दी कि 28 मार्च 2026 को रोशनाबाद स्टेडियम में स्टेट रग्बी चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें चयनित टीमें हिस्सा लेंगी। इस प्रतियोगिता की विजेता टीम को बिहार के राजगीर में आयोजित नेशनल रग्बी चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा।
यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच साबित होगी, जहां उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों को फिटनेस, स्पीड, टीम वर्क और गेम स्ट्रेटजी के आधार पर परखा जा रहा है।
आगामी कार्यक्रमों के तहत महिला खिलाड़ियों का कैंप 31 मार्च से 14 अप्रैल तक और पुरुष खिलाड़ियों का कैंप 3 से 17 अप्रैल तक रोशनाबाद स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। स्टेट चैंपियनशिप के आधार पर 18-18 महिला और पुरुष खिलाड़ियों का चयन कैंप के लिए किया जाएगा।
कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से 12-12 खिलाड़ियों का चयन कर उत्तराखंड टीम बनाई जाएगी, जो नेशनल प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। महिला वर्ग की नेशनल रग्बी प्रतियोगिता 16 और 17 अप्रैल को राजगीर (बिहार) में आयोजित होगी, जबकि पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता 20 और 21 अप्रैल को आयोजित की जाएगी।
