

Dehradun : एंजेल चकमा हत्याकांड में मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी की नेपाल में तलाश के लिए शुरू की गई ब्लू कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने तीन अहम आपत्तियां दर्ज की हैं। सीबीआई ने मामले में आरोपी की व्यक्तिगत आपराधिक भूमिका का विस्तृत विवरण मांगा है, जो करीब 1600 शब्दों में प्रस्तुत करने को कहा गया है। इसके अलावा, पंजीकरण और घटना के समय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी तलब की गई हैं।

यह मामला नौ दिसंबर 2025 का है, जब सेलाकुई क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद के दौरान एंजेल चकमा और उनके भाई माइकल चकमा पर दूसरे पक्ष के छह लोगों ने हमला कर दिया। इस हमले में एंजेल को गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद एंजेल को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उनके गर्दन के पास गंभीर चोट की पुष्टि की। इस मामले ने क्षेत्र में काफी सनसनी फैला दी थी और अब मुख्य आरोपी की तलाश को लेकर जांच एजेंसियां सक्रिय हैं।
सीबीआई द्वारा उठाई गई आपत्तियों के बाद ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया फिलहाल और अधिक विस्तृत जानकारी मिलने तक लंबित रह सकती है। जांच एजेंसियां मामले के हर पहलू को खंगालने में जुटी हैं।
