घायल एनएसजी कमांडो की इलाज के दौरान मौत, परिजनों का अस्पताल पर लापरवाही का आरोप

Roorkee:
देहरादून हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में घायल एनएसजी कमांडो की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।

मोहानपुरा निवासी धन प्रकाश (33), जो वर्तमान में बंगाल बॉर्डर पर तैनात थे, दो दिन पहले ही छुट्टी पर घर आए थे। रविवार दोपहर वह किसी काम से बाइक से भगवानपुर जा रहे थे। इसी दौरान एक रोडवेज बस की साइड लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। बताया गया कि घायल कमांडो ने खुद ही अपने परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें रुड़की गोशाला के पास स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटना में उनके कूल्हे में गंभीर चोट आई थी।

इलाज के दौरान उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। मृतक के भाई गौतम ने आरोप लगाया कि हड्डी रोग विशेषज्ञ को कई बार बुलाने के बावजूद वह नहीं पहुंचे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल कर्मियों द्वारा लगाए गए इंजेक्शन के बाद उनकी हालत और बिगड़ गई, जिससे उनकी मौत हो गई।

घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और दोषी चिकित्सकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे एससी नेता योगेश कुमार ने भी अस्पताल को सील करने की मांग उठाई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया और पूरे मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।