
मंगलौर, उत्तराखंड:
उत्तराखंड में गोवंश संरक्षण के लिए गठित विशेष स्क्वॉड ने बृहस्पतिवार रात मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर ढाडेकी गांव में छापा मारकर गोकशी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस, उपकरण और तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक बरामद की है।

उपनिरीक्षक शरद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक ईंट-भट्ठे के पास खाली खेत में दबिश दी। पुलिस को देखते ही चार संदिग्ध गो तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर गन्ने और गेहूं के खेतों की ओर भाग निकले। पुलिस ने मौके से तिरपाल और कट्टों में भरा करीब 150 किलो मांस बरामद किया।
इसके अलावा चार पशुओं के खुर, खाल के टुकड़े, गोकशी में प्रयुक्त उपकरण और एक सफेद रंग की बाइक भी बरामद की गई, जिसका चेसिस नंबर मिटाया गया था।
घटना की सूचना पर पशु चिकित्सक डॉ. अमित पंवार को मौके पर बुलाकर बरामद मांस के नमूने लिए गए। इसके बाद शेष मांस और अन्य अवशेषों को गड्ढा खुदवाकर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले में उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साक्ष्य के तौर पर ‘ई-साक्ष्य’ ऐप के माध्यम से वीडियो और फोटोग्राफी भी की गई है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देने के निर्देश दिए गए हैं।
