
गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव में गुरुवार को पुलिस, एटीएस और आईबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया। इन सभी पर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने और भड़काऊ जानकारी फैलाने का आरोप है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शावेज (20), जुनैद (23), फरदीन (22), इकराम (36), फजलू (48) और जावेद (45) शामिल हैं। सभी से मसूरी थाने में गहन पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि लोनी में यूट्यूबर सलीम स्वास्तिक पर हुए हमले के बाद पुलिस ने क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी थी। इसी दौरान सुरक्षा एजेंसियों को इन छह लोगों की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि ये लोग इंटरनेट और अन्य माध्यमों से देश विरोधी भड़काऊ सामग्री प्रसारित कर रहे थे और इसके लिए उन्होंने अपना एक अलग समूह भी बना रखा था।
खुफिया एजेंसियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोग लोनी में सलीम स्वास्तिक पर हमला करने वालों के संपर्क में भी बताए जा रहे हैं। इस इनपुट के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाकर उन्हें गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के बाद नाहल गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और कॉल डिटेल की भी जांच कर रही है, ताकि उनके नेटवर्क और गतिविधियों के बारे में और जानकारी मिल सके।
