
Roorkee :नगर पंचायत इमलीखेड़ा में आपसी विवाद के चलते दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई, जिसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोहित सैनी निवासी इमलीखेड़ा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 8 मार्च को आजाद पाल के कुछ रिश्तेदार उसकी दुकान पर आए थे। आरोप है कि उन्होंने पहले गूगल पे से भुगतान किया और फिर नकद पैसे की मांग करने लगे। जब मोहित ने नकद देने से मना किया तो उनके साथ गाली-गलौज की गई। विरोध करने पर आरोपियों ने अपने अन्य रिश्तेदारों को भी मौके पर बुला लिया।
आरोप है कि इसके बाद आजाद पाल समेत 10 से अधिक लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ की। सूचना मिलने पर जब मोहित के पिता और भाई मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने लोहे की रॉड से उन पर भी हमला कर दिया।
वहीं दूसरे पक्ष के बाल सिंह ने तहरीर देकर बताया कि उनके परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और घर पर मेहमान आए हुए थे। आरोप है कि मोहित सैनी और सोनी ने उनके मेहमानों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।
बाल सिंह का आरोप है कि जब उनके पुत्र आजाद पाल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो मोहित पक्ष के लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर मौके पर पहुंच गए और आजाद पाल पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल आजाद पाल को चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी रवींद्र कुमार ने बताया कि मोहित सैनी की तहरीर पर आजाद पाल, अनिल, अस्मित, अनुराग, निशु, सौरभ, आदित्य, लक्की, गोविंद, मोनू और विपिन पाल समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं बाल सिंह की तहरीर पर मोहित सैनी, अर्जुन, रजत, अभिषेक, शुभम, जॉनी, योगेश, अनिकेत, लवीश, अरुण, अजीत, अनंत और अर्जुन सैनी निवासी इमलीखेड़ा के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी सहित संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
