मांडूवाला में बोरे में मिला युवती का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

Premnagar थाना क्षेत्र के Manduvala में एक युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सड़क किनारे जंगल में एक बोरे (कट्टे) के अंदर बंद महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार मांडूवाला में सड़क किनारे जंगल की ओर से एक कट्टे से तेज दुर्गंध आ रही थी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कट्टे को खोलकर देखा तो उसके अंदर करीब 30–35 वर्ष की महिला का शव मिला। शव की हालत से अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह करीब छह से सात दिन पुराना है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार महिला के घुटने मोड़कर शव को बोरे में भरा गया था, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

Pramod Kumar ने बताया कि शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए जिले के सभी थानों से दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी जांच कर रही है ताकि महिला की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है।