ऑनलाइन गेमिंग के जाल में फंसा युवक, 1.77 करोड़ रुपये की ठगी

Haridwar जिले में ऑनलाइन गेमिंग के जरिए मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर एक युवक से करीब 1.77 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Ajay Singh ने बताया कि ठगी का शिकार हुआ युवक अभिमन्यु (18) पुत्र ओमकार, निवासी बेहड़ेकी सैदाबाद, झबरेड़ा, हरिद्वार का रहने वाला है। शिकायत के अनुसार, जनवरी 2025 में उसने Dream11, Probo और Sports Baazi जैसे गेमिंग ऐप डाउनलोड कर ऑनलाइन गेम खेलना शुरू किया, जिसके बाद उसे गेम खेलने की लत लग गई।

पीड़ित ने बताया कि जून 2025 में उसने YouTube पर एक नई गेमिंग वेबसाइट विनअड्डा का विज्ञापन देखा। इसके बाद उसके WhatsApp नंबर पर कई अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लिंक भेजे गए और उसे गेम खेलने के लिए लगातार प्रेरित किया गया।

शुरुआत में कुछ लाभ दिखाकर आरोपियों ने उसका भरोसा जीत लिया। इसके बाद उनके कहने पर युवक ने जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 के बीच अपने और अपने पिता के विभिन्न बैंक खातों से यूपीआई के माध्यम से कुल 1 करोड़ 77 लाख 53 हजार 960 रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर कर दी। यह रकम उसके पिता को मुआवजे के रूप में मिली थी।

जब युवक ने अपनी रकम वापस निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और उससे और अधिक पैसे जमा करने का दबाव बनाने लगे। पीड़ित का आरोप है कि फर्जी गेमिंग ऐप और वेबसाइट के जरिए अधिक मुनाफे का लालच देकर उसके साथ धोखाधड़ी की गई।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि मामले में साइबर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।