
गैरसैंण/दिवालीखाल:
ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में धामी सरकार करीब सात माह बाद पहुंची है। विधानसभा सत्र के पहले दिन उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने दिवालीखाल में प्रदर्शन कर अपनी ताकत दिखाई। स्थायी राजधानी की मांग, अंकिता भंडारी हत्याकांड सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर दल ने विधानसभा घेराव की योजना बनाई थी।

इस दौरान दिवालीखाल में यूकेडी कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच कुछ कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर विधानसभा परिसर की ओर बढ़ने में सफल हो गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने 10 से 15 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए गए आंदोलनकारियों को ले जा रही पुलिस की गाड़ियों को भी यूकेडी कार्यकर्ताओं ने रास्ते में रोक दिया और गाड़ियों से उन्हें उतारने का प्रयास किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। सुरक्षा के मद्देनजर विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
