विकासनगर मंडी से लौट रहे पिकअप में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

विकासनगर। विकासनगर मंडी में उपज की आपूर्ति कर वापस सहारनपुर लौट रहे एक पिकअप वाहन में दर्रारीट के पास अचानक आग लग गई। वाहन में सवार चालक ने लपटें उठती देख तुरंत बाहर कूदकर अपनी जान बचाई।

घटना उत्तराखंड सीमा में दर्रारीट से करीब 200 मीटर पहले हुई। आग लगते ही वाहन के केबिन और इंजन हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के मदनपुरा निवासी गुलफाम पिकअप वाहन से मंडी में उपज की आपूर्ति करने आया था और वापस लौट रहा था। इसी दौरान वाहन में अचानक आग लग गई।

वाहन से ऊंची लपटें उठने लगीं। चालक ने तत्काल अपने रिश्तेदारों को फोन किया, जो पास के तिमली गांव में रहते हैं। मौके पर पहुंचे रिश्तेदारों ने बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पर काबू पा लिया गया था।

पुलिस के अनुसार चालक पूरी तरह सुरक्षित है। मामले की जांच की जा रही है।