
रुड़की। सिविल लाइंस क्षेत्र में तैनात एक सिपाही के भाई पर भारतीय जनता पार्टी के एक नेता के चालक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व किसी बात को लेकर सिपाही के भाई और भाजपा नेता के चालक के बीच विवाद हो गया था। उस समय भी मामला पुलिस तक पहुंचा था। बताया जा रहा है कि तभी से दोनों पक्षों के बीच तनातनी का माहौल बना हुआ था।
बुधवार शाम सिविल लाइंस क्षेत्र में दोनों पक्षों का दोबारा आमना-सामना हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद सिपाही के भाई ने चालक के साथ मारपीट कर दी। घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। बताया गया है कि आरोपित मौके से धमकी देते हुए फरार हो गया।
इसके बाद पीड़ित के भाई ने सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
