
देहरादून। होली पर्व के मद्देनज़र यात्रियों को समय पर बस सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम ने विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की है। निगम ने अपने चालक-परिचालकों और अन्य कर्मचारियों के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि की घोषणा की है।
मंगलवार को महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार यह योजना 27 फरवरी से 9 मार्च तक, कुल 11 दिनों के लिए प्रभावी रहेगी।
10 दिन लगातार ड्यूटी पर 1250 रुपये
इस अवधि में लगातार 10 दिन तक कार्य करने वाले चालक और परिचालकों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके लिए शर्तें निर्धारित की गई हैं—
- केवल मैदानी मार्गों पर औसत 242 किमी प्रतिदिन संचालन
- मिश्रित मार्गों पर औसत 200 किमी प्रतिदिन
- पर्वतीय मार्गों पर औसत 180 किमी प्रतिदिन
इन मानकों को पूरा करने पर 1250 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
11 दिन बिना अवकाश पर 1500 रुपये
यदि कोई चालक या परिचालक 11 दिन लगातार बिना अवकाश कार्य करता है, तो—
- केवल मैदानी मार्गों पर न्यूनतम 2662 किमी
- मैदानी-पर्वतीय मिश्रित मार्गों पर 2200 किमी
- केवल पर्वतीय मार्गों पर 1980 किमी संचालन करने पर 1500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
अतिरिक्त लाभ
- होली के दिन कार्यशाला से बस लेकर मार्ग पर जाने वाले चालक-परिचालकों को 300 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।
- जिनका लोड फैक्टर 90 प्रतिशत से अधिक रहेगा, उन्हें 500 रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
अन्य कर्मचारियों के लिए भी सौगात
डिपो कार्यशाला के तकनीकी कर्मचारी, डीजल लिपिक, समयपाल, बैग इन-आउट लिपिक, चेकिंग लिपिक, कैशियर, स्टोरकीपर, बुकिंग क्लर्क, एमएसटी व अन्य पास बनाने वाले कार्मिकों तथा आउटसोर्स कर्मचारियों को एक अवकाश लेकर 10 दिन तक कार्य करने पर 1000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
यदि इन 11 दिनों के दौरान किसी कर्मचारी का साप्ताहिक अवकाश पड़ता है, तो वह अवकाश योजना अवधि समाप्त होने के बाद दिया जाएगा।
