
Dehradun: नेहरू ग्राम स्थित रायपुर थाना क्षेत्र में मेहंदी समारोह के दौरान एक युवक की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चलने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पिस्टल जब्त कर ली है। लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार घटना सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे की है। गढ़वाली कॉलोनी, नेहरूग्राम निवासी कमल कुमार यादव के घर शादी से पूर्व मेहंदी का कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम में शामिल होने आए परिचित लक्ष्मण सिंह नेगी समेत अन्य लोग नाच रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मण सिंह नेगी की कमर में लगी लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई।
गोली लगने से कमल कुमार की साली नीलिमा गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने आरोपी लक्ष्मण नेगी को हिरासत में लेकर पिस्टल जब्त कर ली है। थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही पिस्टल का लाइसेंस निरस्त करने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
बड़ा हादसा टला
समारोह में गोली चलने के बाद अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि पिस्टल की नाल नीचे की ओर थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। कार्यक्रम में छोटे बच्चे भी मौजूद थे।
जश्न के बीच पसरा सन्नाटा
गोली चलने की आवाज से समारोह में अचानक सन्नाटा छा गया। पहले तो लोगों को समझ नहीं आया कि आवाज किस चीज की है। जब घायल नीलिमा ने चीख लगाई, तब घटना का पता चला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिस्टल पहले से लोड थी और नाचने के दौरान झटके से ट्रिगर दब गया, जिससे फायर हो गया।
