मसूरी मालरोड पर साइकिल रिक्शा की जगह चलेंगी गोल्फकार्ट…

देहरादून/मसूरी। दून जिला प्रशासन ने मसूरी की मालरोड पर साइकिल रिक्शा के स्थान पर गोल्फकार्ट संचालन की तैयारी पूरी कर ली है। जल्द ही मसूरी को लगभग 40 गोल्फकार्ट उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए जिलाधिकारी ने रूरल इलेक्ट्रिफिकेशन कॉर्पोरेशन (आरईसी) के एमडी एवं भारत सरकार के अपर सचिव को इसी महीने एमओयू के लिए अनुरोध भेजा है।

जिला प्रशासन का दावा है कि मालरोड पर गोल्फकार्ट शुरू होने से रिक्शा चालकों की आय में वृद्धि होगी। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और पर्यटकों को आवागमन की बेहतर व सुरक्षित सुविधा मिल सकेगी। यह पहल पर्यटन को अधिक सुगम और आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को गोल्फकार्ट संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसमें मार्ग निर्धारण, पार्किंग स्थल, चार्जिंग स्टेशन, सुरक्षा मानक और संचालन प्रणाली तय करना शामिल है।

प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों से सहयोग की अपेक्षा जताई है। अधिकारियों के अनुसार यह पहल जनहित और सतत पर्यटन विकास को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।