
ज्योतिर्मठ/गोपेश्वर। ज्योतिर्मठ नगर क्षेत्र में नगर पालिका के निर्माणाधीन भवन में नमाज अदा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया। एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने दोनों समुदायों के लोगों को बुलाकर वार्ता की और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। साथ ही पुलिस को माहौल बिगाड़ने वालों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार नगर पालिका के मीट बाजार क्षेत्र में बच्चों के लिए टेबल टेनिस भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी भवन में कुछ मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा नमाज पढ़ने का वीडियो बृहस्पतिवार को वायरल हुआ। मामले के तूल पकड़ने पर प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप किया।
एसडीएम ने बताया कि दोनों पक्षों से बातचीत कर शांति बनाए रखने पर सहमति बनी है। पुलिस को भी पूरे प्रकरण पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर पालिका ज्योतिर्मठ की अध्यक्ष देवेश्वरी शाह ने बताया कि मुस्लिम समुदाय के लोगों ने दस दिन तक चलने वाले रोजे के दौरान नमाज अदा करने के लिए मौखिक अनुमति ली थी। हालांकि विवाद के बाद निर्माणाधीन कक्ष पर ताला लगा दिया गया है और संबंधित लोगों को अपनी वैकल्पिक व्यवस्था स्वयं करने के लिए कह दिया गया है।
शाम को पालिका अध्यक्ष की अध्यक्षता में सभासदों की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।
इधर गोपेश्वर में हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की। बजरंग दल और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि भविष्य में सार्वजनिक व सरकारी भवनों में धार्मिक गतिविधियों पर स्पष्ट नीति बनाई जाए।
प्रशासन ने सभी पक्षों से संयम बरतने और सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने की अपील की है।
