निजी कंपनी के मैनेजर पर फोन व गोपनीय डाटा चोरी का आरोप, एफआईआर दर्ज

मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र के मखमपुर गांव स्थित प्रोमिनेंट फाइबर्स प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत सेल्स एवं परचेज मैनेजर पर कंपनी का आधिकारिक फोन और महत्वपूर्ण गोपनीय व्यावसायिक डाटा चोरी करने का गंभीर आरोप लगा है। कंपनी प्रबंधन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कंपनी के एचआर हेड संजय मिश्रा द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया कि मुरादाबाद निवासी मोहित मनारिया कंपनी में सेल्स एवं परचेज मैनेजर के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि उसने कंपनी का एक आधिकारिक मोबाइल फोन अपने कब्जे में कर लिया, जिसमें कंपनी का अत्यंत महत्वपूर्ण और गोपनीय व्यावसायिक डाटा सुरक्षित था।

कंपनी प्रबंधन का कहना है कि आरोपी ने बिना अनुमति कंपनी की संपत्ति और संवेदनशील डाटा पर कब्जा किया, जो आपराधिक विश्वासघात, गबन और धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है। चोरी किए गए मोबाइल फोन का विवरण पुलिस को उपलब्ध करा दिया गया है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी मोहित मनारिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फोन के आईएमईआई नंबर और संबंधित सिम कार्ड को सर्विलांस पर लगा दिया गया है। संभावित ठिकानों पर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।