
रायवाला,
रायवाला रेलवे फाटक के पास बुधवार दोपहर एक विक्रम चालक अचानक बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के समय उसकी पत्नी भी वाहन में मौजूद थी। समय पर एंबुलेंस न पहुंचने से परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे रेलवे फाटक बंद होने के दौरान चालक अचेत होकर नीचे गिर गया। ट्रेन गुजरने के बाद फाटक खुला तो सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को उठाकर विक्रम में बैठाया और 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया।
परिजनों को कॉल सेंटर से बताया गया कि शांतिकुंज से एंबुलेंस रवाना कर दी गई है। चालक की पत्नी करीब एक घंटे तक मौके पर एंबुलेंस का इंतजार करती रही। इस बीच परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंच गए, लेकिन एंबुलेंस नहीं आई। अंततः परिजन मरीज को उसी विक्रम से अस्पताल ले गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तैनात 108 एंबुलेंस पिछले कई दिनों से खराब पड़ी है। इसके चलते रायवाला, खांड गांव, साहबनगर, गोहरी माफी, प्रतीतनगर और छिद्दरवाला सहित आसपास के इलाकों के लोगों को शांतिकुंज (हरिद्वार) या ऋषिकेश से एंबुलेंस बुलानी पड़ रही है, जिससे आपात स्थिति में देरी हो रही है।
कोट:
108 जिला प्रभारी देहरादून विमल कुमार ने बताया कि रायवाला क्षेत्र की एंबुलेंस में मंगलवार को तकनीकी खराबी आ गई थी। उसके स्थान पर वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने कहा कि दोपहर में कॉल मिलने पर शांतिकुंज से एंबुलेंस भेजी गई थी, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही परिजन मरीज को अस्पताल ले जा चुके थे।

