
Dehradun :प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने देहदान का संकल्प लेकर समाज के सामने मानवता और सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने बृहस्पतिवार को दधीचि देहदान समिति को अपना संकल्पपत्र सौंपा। उनके इस निर्णय से समाज में सकारात्मक संदेश गया है।

दधीचि देहदान समिति के अध्यक्ष डॉ. मुकेश गोयल ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने मृत्यु के उपरांत नेत्र समेत सभी प्रत्यारोपण योग्य अंग दान करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय मानवता, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को साकार करता है।
डॉ. गोयल ने कहा कि देहदान भारतीय संस्कृति की उस महान परंपरा का प्रतीक है, जिसमें व्यक्ति अपने शरीर को भी समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित कर देता है। महर्षि दधीचि की परंपरा से प्रेरित यह संकल्प चिकित्सा विज्ञान, शोध और शिक्षा के क्षेत्र में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
उन्होंने बताया कि देहदान, नेत्रदान और अंगदान के माध्यम से न केवल चिकित्सा शिक्षा को मजबूती मिलेगी, बल्कि अनेक जरूरतमंद और निराश लोगों को नया जीवन, नई दृष्टि और आशा का प्रकाश भी प्राप्त होगा। पूर्व मुख्यमंत्री का यह कदम समाज के अन्य लोगों को भी देहदान और अंगदान के लिए प्रेरित करेगा।

