जानिए क्यों और क्या है वजह, उत्तराखंड में वकीलों ने किया कामकाज ठप, 6 दिन से चल रहा आंदोलन

UTTARAKHAND NEWS: उत्तराखंड में वकीलों ने आज अपना कामकाज ठप कर दिया। बार एसोसिएशन देहरादून के अधिवक्ताओं की चेंबर निर्माण से संबंधित मांग के समर्थन में आज पूरे राज्य की अदालतों में कामकाज ठप रखा। आज हड़ताल के दौरान अदालतों और संबंधित कार्यालयों के साथ-साथ बस्ते, टाइपिंग, स्टाम्प वेंडर आदि सेवाएं भी पूरी तरह से बंद रहे।

शहर के पुरानी जिला अदालत की खाली जमीन पर चैंबर निर्माण की मांग को लेकर देहरादून के अधिवक्ता पिछले 6 दिन से आंदोलन और प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले 5 दिनों में अधिवक्ता कुछ घंटों लिए हड़ताल पर जा रहे थे और उसके बाद कोर्ट का कामकाज शुरू हो जाता था।

लेकिन आज पूरा दिन कोर्ट का काम काज ठप रहा और अधिवक्ताओं ने सरकार को आने वाले समय में प्रदर्शन को और तेज किए जाने की चेतावनी भी दी है। अधिवक्ताओं के विरोध को कांग्रेस ने भी समर्थन दिया है। बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड ने इस मुद्दे पर सरकार का सहयोग न मिलने के विरोध में एक दिवसीय न्यायिक हड़ताल की घोषणा की है। बार एसोसिएशन देहरादून की मांग है कि उन्हें चेंबर निर्माण के लिए सिविल कैंपस पुराना जिला जज न्यायालय परिसर की भूमि आवंटित की जाए।

अपनी इस मांग के लिए अधिवक्ताओं का सांकेतिक रोष जारी है। इससे पहले एसोसिएशन के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने हरिद्वार रोड पर लगभग साढ़े तीन घंटे तक चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया गया था। बार एसोसिएशन देहरादून के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल और सचिव राजबीर सिंह बिष्ट ने वकीलों के आंदोलन का नेतृत्व किया। 6 नवंबर से वकील अपनी मांगों को लेकर देहरादून की सड़कों पर सांकेतिक जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को अधिवक्ताओं ने सुबह 10:30 बजे से 11:30 बजे तक (एक घंटा) का सांकेतिक जाम रखा। मंगलवार को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक (2 घंटे) का सांकेतिक जाम किया।

पिछले पांच दिनों में अधिवक्ताओं ने धीर-धीरे चरणबद्ध तरीके से अपना आंदोलन जारी रखा है। आज अधिवक्ता के पूरे दिन के लिए हड़ताल पर बैठ गए। जिसका पूरे प्रदेश में समर्थन किया गया। अधिवक्ता, जिला जज न्यायालय परिसर में रैन बसेरा बनाए जाने का विरोध कर रहे हैं।

NEWS SOURCE Credit :oneindia