
एक बेटा पहले कुल्हाड़ी से अपनी मां के टुकड़े करता है. फिर लाश के उन टुकड़ों को घर में बिखेर देता है. इसके बाद वो उन टुकड़ों के बीच बैठकर मिट्टी से खेलने लगता है. खेलता ही नहीं, बल्कि गाना भी गाने लगता है. ये खौफनाक मंजर देखकर हर कोई हैरान हो जाता है. दिल दहला देने वाली ये वारदात छत्तीसगढ़ की है. ऐसा ही एक मामला हैदराबाद से भी सामने आया है, जहां एक गर्भवती महिला के टुकड़े किए गए. इस खौफनाक करतूत को किसी और ने नहीं बल्कि उस महिला के पति ने ही अंजाम दिया.
जशपुर में कुल्हाड़ी से काटकर मां का कत्ल
वो गुनगुना रहा था. गुनगुनाते हुए मिट्टी के साथ खेल रहा था. लेकिन उसके गाने और खेल की जो हकीकत सामने आई, वो सुनकर आपके रौंगटे खड़े हो जाएंगे. उस शख्स ने गाना गुनगुनाने से बस कुछ पल पहले ही अपनी मां को गला घोंट कर मारा था. मां को मारने के बाद कुल्हाड़ी से उसकी लाश के कई टुकड़े किए. टुकड़ों में बंटी मां की लाश उस वक्त भी उसके पास जमीन पर पड़ी थी. कुल्हाड़ी से कटी फटी उस मां की लाश के टुकड़ों की तस्वीरें ना आप देख सकते हैं, ना हम आपको दिखा सकते हैं.
इस शख्स की करतूत सोच से भी परे की चीज है. एक बेटा पहले अपनी मां को कुल्हाड़ी से काटता है. घर में ही लाश के टुकड़ों को बिखेरता है. और फिर मिट्टी की कयारी बना बना कर गाना गाता है. हालांकि ऐसा नहीं है कि किसी बेटे के हाथों किसी मां के कत्ल का ये पहला मामला हो. लेकिन जिस तरह यहां बेटा मां की लाश के टुकड़ों के करीब बैठकर गाना गा रहा है, वो दिल को छलनी कर जाता है.
इत्तेफाक से पड़ोसियों ने ये सब कुछ देख लिया और पुलिस को खबर दी. जब पुलिस घर में आई तब वो भी घबरा उठी. अब वही कातिल बेटा उसी कुल्हाड़ी से पुलिस पर हमला करता है. उसे काबू करने में खुद पुलिस को दो तीन घंटे लग जाते हैं. ये दहला देने वाला मामला छत्तीसगढ़ के जशपुर का है.
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस बेटे ने ऐसा क्यों किया? बेटे की मानसिक स्थिति का पता लगाने के लिए उसकी डॉक्टरी कराई जा रही है.
हैदराबाद में दिल दहला देने वाली वारदात
छत्तीसगढ़ के जशपुर से 1176 किलोमीटर दूर हैदराबाद के मेडीपल्ली इलाके में मौजूद है बालाजी हिल्स. और इसी इलाके में लगे एक सीसीटीवी कैमरे की तस्वीर सामने आती है. सीसीटीवी कैमरे की घड़ी के मुताबिक, उस वक्त शाम के सात बजकर 10 मिनट हुए थे. तारीख 23 अगस्त दिख रही है. तस्वीर एक गली की है, चूंकि शाम का वक्त है तो कुछ लोग अपने घरों के बाहर बैठे हैं. कुछ आ जा रहे हैं. तभी कैमरे की दाई तरफ से एक शख्स बाहर निकलता है. पीठ पर पिट्टू बैग है. और हाथ में प्लास्टिक की एक थैली. कुछ ही सेकंड में वो कैमरे से बाहर निकल जाता है.
