कभी मामूली खर्चें पर चुनाव लड़े और जीते जाते थे, लेकिन अब चुनाव मैदान में धन पानी की तरह बहाया जाता है, तब कहीं किसी के सिर पर जीत का सेहरा होता है तो किसी को निराशा ही मिलती है। निकाय चुनाव में पिथौरागढ़ नगर निगम में भी सीमांत में इस बार चुनाव मैदान में खड़े प्रत्याशी प्रचार-प्रसार में छह करोड़ के करीब धन खर्च करेंगे।यह आंकड़ा तो केवल निर्वाचन आयोग की ओर से प्रचार-प्रसार को तय राशि के अनुसार है। प्रचार में खर्च का यह आंकड़ा और भी अधिक पहुंचने का अनुमान है। चुनाव के बाद प्रत्याशियों को व्यय का पूरा लेखा-जोखा जमा भी करना होगा।

मेयर:आठ प्रत्याशी सवा करोड़ करेंगे खर्च
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ नगर निगम में पहली बार होने जा रहे मेयर पद के चुनाव के लिए अधिकतम व्यय की सीमा 16 लाख है। यानि कि एक प्रत्याशी चुनाव प्रचार प्रसार के दौरान निर्धारित 16 लाख रुपए खर्च कर सकता है। मेयर सीट पाने के लिए आठ प्रत्याशी मैदान में खड़े हैं। इस तरह प्रत्याशी तय अधिकतम व्यय के अनुसार धन खर्च करेंगे तो 1करोड़ 28लाख रुपए प्रचार में खर्च होंगे।
पालिकाध्यक्ष: 76 लाख खर्च होंगे
पिथौरागढ़ जिले में चार पालिका धारचूला, डीडीहाट, बेरीनाग और गंगोलीहाट हैं। यहां पालिकाध्यक्ष के लिए 19 के बीच मुकाबला है। प्रत्येक प्रत्याशी का प्रचार व्यय की अधिकतम सीमा चार लाख तय है। यानि की इस पद पर खड़े सभी प्रत्याशियों का चुनाव खर्च 76 लाख पहुंचेगा।
नपं अध्यक्ष: पांच प्रत्याशी दस लाख करेंगे खर्च
पिथौरागढ़। जनपद में मुनस्यारी एकमात्र नगर पंचायत है। यहां पहले नगर पंचायत अध्यक्ष बनने के लिए पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में खड़े हैं। अधिकतम दो लाख व्यय की सीमा तय है। यानि की पांच प्रत्याशी चुनाव प्रचार प्रसार के दौरान दस लाख रुपए खर्च करेंगे।
पार्षद: 3करोड़ से अधिक से होगा प्रचार-प्रसार
पिथौरागढ़। नगर निगम के 40 वार्डों में 177 लोगों ने पार्षद पद के लिए नामांकन किया। इनमें से कुछ लोगों के नामांकन रद व नाम वापस लेने से 167 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें भी तीन वार्डों में एकल नामांकन होने से प्रत्याशियों का निर्विरोध पार्षद बनना तय है। अब पाषर्द की लड़ाई 164 प्रत्याशियों के बीच है। उक्त प्रत्याशियों के लिए आयोग की ओर प्रचार-प्रसार व्यय की अधिकतम धनराशि दो लाख तय है। यानि की मैदान में खड़े सभी प्रत्याशी दो-दो लाख खर्च करते हैं तो तीन करोड़ 28 लाख रुपए प्रचार-प्रसार में खर्च हो जाएंगे।
प्रचार-प्रसार के लिए यह है अधिकतम व्यय सीमा तय
पद प्रत्याशी व्यय धनराशि
मेयर 08 16 लाख
पार्षद 167 2लाख
पालिकाध्यक्ष 19 4लाख
सभासद 78 60हजार
नपं अध्यक्ष 05 2लाख
सदस्य 28 30 हजारा
सदस्य: 8लाख से अधिक खर्च करेंगे 28 प्रत्याशी
पिथौरागढ़। मुनस्यारी नगर पंचायत के सात वार्डों में सदस्य पद के लिए 28 प्रत्याशी मैदान में हैं। नपं सदस्य के लिए आयोग की ओर व्यय की अधिकतम सीमा 30 हजार तय है। सभी प्रत्याशी अगर चुनाव प्रचार में 30हजार भी खर्च करते हैं तो व्यय की धनराशि 8 लाख 40 हजार पहुंच जाएगी।
NEWS SOURCE Credit : livehindustan