
हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र के ऋषिकुल विद्यापीठ के पास स्थित एक किराना दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचे युवक ने दो पेटी रिफाइंड लेकर फरार होने की वारदात को अंजाम दे दिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ऋषिकुल विद्यापीठ के निकट राजीव त्यागी की किराना दुकान है। मंगलवार दोपहर वह किसी जरूरी कार्य से बाहर गए हुए थे और दुकान की जिम्मेदारी कर्मचारी संभाल रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार एक युवक दुकान पर पहुंचा और सामान्य ग्राहक की तरह दो पेटी रिफाइंड लेने की बात कही।
युवक ने कर्मचारी से बिल बनाने को कहा और विश्वास में लेकर स्वयं ही दोनों पेटियां उठाकर दुकान के बाहर ले गया। आरोप है कि उसने बड़ी चालाकी से पेटियां स्कूटी पर रखीं और कर्मचारी के संभलने से पहले ही स्कूटी स्टार्ट कर मौके से फरार हो गया।
कुछ देर बाद घटना की जानकारी मिलने पर दुकान मालिक ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें युवक की पूरी गतिविधि स्पष्ट दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने मायापुर चौकी में तहरीर दी।
शहर कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।

