
Rishikesh : सेवा समाप्त किए जाने से आक्रोशित श्रमिकों ने लालतप्पड़ क्षेत्र की एक कंपनी प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। औद्योगिक क्षेत्र लालतप्पड़ में आंदोलित श्रमिकों का अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। श्रमिक कंपनी के खिलाफ लामबंद होते नजर आए और प्रबंधन पर वार्ता से बचने का आरोप लगाया।

धरनास्थल पर माजरी ग्रांट के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मंगल सिंह पहुंचे और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की ओर से आंदोलन को समर्थन दिया। श्रमिकों का कहना है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद कंपनी प्रबंधन वार्ता के लिए आगे नहीं आया, जिससे उनमें रोष बढ़ता जा रहा है।
नगर पालिका सभासद एवं श्रमिक नेता संदीप नेगी ने कहा कि कंपनी प्रबंधन केवल अपना लाभ देख रहा है, जबकि सैकड़ों श्रमिकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रम विभाग भी समस्या के समाधान में गंभीरता नहीं दिखा रहा है, जिसे श्रमिक बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि श्रमिक इस मुद्दे पर निर्णायक संघर्ष के लिए तैयार हैं।
कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए श्रमिकों ने पुतला फूंका और अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। पुतला दहन में पवन नेगी, विमल सिंह, ऋषि रावत, मोहित नेगी, श्याम बहादुर थापा, भूपेन्द्र सिंह, कृष्ण सिंह, ममता देवी, कमला देवी, संगीता देवी, कलावती और मनीष कुमार सहित कई श्रमिक शामिल रहे।
नगर पालिका के पूर्व सभासद हिमांशु राणा और सुमित सजवाण समेत अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी श्रमिकों को समर्थन दिया।

