
हरिद्वार। फेरूपुर क्षेत्र में ग्राम समाज की जमीन पर दोबारा कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत सदस्य शिवानी ने जिलाधिकारी की जनसुनवाई में यह मुद्दा उठाते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले अतिक्रमण हटाए जाने के बावजूद भूमाफियाओं ने फिर से जमीन पर कब्जा कर लिया है।

शिवानी के अनुसार लक्सर मार्ग पर निर्भय फार्म हाउस के सामने स्थित ग्राम समाज की भूमि पर कुछ लोगों ने बड़े-बड़े टिन शेड लगाकर दोबारा कब्जा जमा लिया है। इस मामले में पहले भी शिकायत की गई थी, जिसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाकर जमीन को कब्जा मुक्त कराया था।
आरोप है कि कुछ समय बाद ही फिर से जमीन पर कब्जा कर लिया गया और वहां अवैध रूप से बिजली कनेक्शन भी ले लिया गया। शिवानी का कहना है कि इस संबंध में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, तहसील दिवस और अन्य मंचों पर भी शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए अवैध कब्जा हटाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
