
देहरादून। राजभवन देहरादून स्थित लोक भवन में 27 फरवरी से 1 मार्च तक वसंतोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष उत्सव की थीम ‘फ्लोरल हीलिंग’ रखी गई है। यह आयोजन उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों और पुष्प उत्पादकों को सशक्त मंच प्रदान करता है।
शुक्रवार को जानकारी देते हुए राज्यपाल गुरमीत सिंह (सेनि) ने कहा कि वसंतोत्सव पुष्प पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा देता है और देहरादून की सांस्कृतिक, आर्थिक व पर्यावरणीय पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि लोग हर वर्ष इस आयोजन का बेसब्री से इंतजार करते हैं।
समय और प्रवेश
27 फरवरी को सुबह 11 बजे उद्घाटन होगा। इसके बाद पहले दिन दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक तथा 28 फरवरी व 1 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक प्रदर्शनी आमजन के लिए निशुल्क खुली रहेगी।
15 मुख्य प्रतियोगिताएं, 165 पुरस्कार
इस दौरान 15 मुख्य प्रतियोगिताएं और 55 उपश्रेणियां होंगी, जिनमें कुल 165 पुरस्कार दिए जाएंगे। कट फ्लावर, पॉटेड प्लांट, हैंगिंग पॉट्स समेत विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष पेंटिंग प्रतियोगिता भी होगी। इस वर्ष पहली बार हाइड्रोपोनिक तकनीक पर आधारित प्रतियोगिता को शामिल किया गया है।
तकनीक और नवाचार
उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय और आईटीडीए आगंतुकों की संख्या और इमोशनल मैपिंग के लिए विशेष ऐप के माध्यम से अध्ययन करेंगे। पहली बार रिदमिक योगा का सजीव प्रदर्शन राष्ट्रीय दृष्टिबाधित सशक्तिकरण संस्थान (एनआईईपीवीडी) के छात्र प्रस्तुत करेंगे।
फूड कोर्ट और विशेष आकर्षण
फूड कोर्ट में विभिन्न प्रकार के मिलेट्स से बने व्यंजन उपलब्ध होंगे। डाक टिकट प्रदर्शनी और आर्ट गैलरी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
तीन उत्कृष्ट कृषकों और तीन उत्कृष्ट महिला कृषकों को गवर्नर अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। चयन के लिए अलग समिति गठित की गई है।
