
लक्सर/रुड़की, बृहस्पतिवार रात।
शादी समारोह से लौट रहे व्यापार मंडल के तहसील अध्यक्ष अजय वर्मा की कार लक्सर-रुड़की हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में उनके भतीजे शलभ वर्मा की मौत हो गई, जबकि अजय वर्मा, उनकी पत्नी सुनीता, शलभ की पत्नी मोहिनी और दोनों बच्चे घायल हो गए। घायलों को देहरादून, मुजफ्फरनगर और लक्सर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजय वर्मा अपने परिवार के साथ रुड़की में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 10 बजे सभी लोग कार से वापस लौट रहे थे। कार में अजय वर्मा, उनकी पत्नी सुनीता, भतीजे शलभ वर्मा, उनकी पत्नी मोहिनी और उनके दो बच्चे सवार थे।
बताया जा रहा है कि लक्सर-रुड़की हाईवे पर थिथौला गांव के पास स्पीड ब्रेकर पर कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में शलभ वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। अजय वर्मा, उनकी पत्नी और मोहिनी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दोनों बच्चों को भी चोटें आई हैं। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को कार से बाहर निकाला और घटना की सूचना परिजनों व पुलिस को दी।
सभी घायलों को पहले रुड़की के अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए अजय वर्मा और उनकी पत्नी को देहरादून रेफर किया गया, जबकि मोहिनी को मुजफ्फरनगर भेजा गया। दोनों बच्चों का उपचार लक्सर के अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शलभ वर्मा के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
नगर में शोक की लहर
हादसे की सूचना मिलते ही नगर के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, नगर पालिका अध्यक्ष संजीव कुमार, पूर्व नपा अध्यक्ष अंबरीश गर्ग, व्यापार मंडल अध्यक्ष अतुल गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि, व्यापारी और परिचित अजय वर्मा के आवास पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।
परिवार के कुछ सदस्य और परिचित अलग-अलग अस्पतालों में घायलों के पास मौजूद हैं। पूरे नगर में इस दुखद घटना को लेकर गहरा शोक व्याप्त है।
