तोताघाटी में दर्दनाक हादसा: पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आकर ट्रक चालक की मौत, चार घंटे बंद रहा हाईवे

देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अति संवेदनशील क्षेत्र तोताघाटी के पास पहाड़ी से भारी बोल्डर गिरने से एक ट्रक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग करीब चार घंटे तक पूरी तरह बाधित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश से सीमेंट लादकर श्रीनगर की ओर जा रहा एक ट्रक जैसे ही तोताघाटी क्षेत्र में पहुंचा, तभी पहाड़ी से अचानक छोटे-बड़े पत्थरों के साथ एक विशाल बोल्डर नीचे आ गिरा। बोल्डर ट्रक के केबिन को तोड़ते हुए सीधे चालक के ऊपर जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। कड़ी मशक्कत के बाद बोल्डर के नीचे दबे चालक के शव को बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान मुरारी लाल (55) निवासी पुदियानी, कर्णप्रयाग (जनपद चमोली) के रूप में हुई है। पहचान उसके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर की गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी देवप्रयाग भिजवा दिया है तथा परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी गई है।

दुर्घटना के कारण हाईवे लगभग चार घंटे तक पूरी तरह अवरुद्ध रहा। सुबह मलबा और बोल्डर हटाकर मार्ग को यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि तोताघाटी क्षेत्र भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं के लिहाज से बेहद खतरनाक ब्लैक स्पॉट माना जाता है, जहां बारिश और मौसम खराब होने पर खतरा और बढ़ जाता है।