देहरादून जिला न्यायालय को फिर बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कर सघन तलाशी

देहरादून। दून जिला न्यायालय को गुरुवार को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जिला जज को ई-मेल के माध्यम से भेजी गई धमकी के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा दिया गया।

बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली और कुछ समय बाद न्यायालय में कामकाज बहाल कर दिया गया।

बुधवार को भी मिली थी धमकी

बुधवार को भी कोर्ट को इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल मिला था। उस दौरान भी जज, अधिवक्ता, स्टाफ और वादकारियों को तत्काल परिसर से बाहर निकाला गया था। करीब दो घंटे तक चली तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था। गुरुवार को भी लगभग 12:30 बजे तलाशी अभियान पूरा होने के बाद ही लोगों को अंदर जाने की अनुमति दी गई।

एसपी सिटी का बयान

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि जिला जज कार्यालय से सूचना मिली थी कि अज्ञात व्यक्ति ने ई-मेल के माध्यम से कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल टीम मौके पर पहुंची और परिसर खाली कराते हुए गहन जांच की गई। तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

धमकी भरे पत्र में कई संगठनों का जिक्र

ई-मेल में दावा किया गया था कि परिसर में सी-4 और नाइट्रेट से बने पांच बम लगाए गए हैं और सुबह 11:15 बजे विस्फोट होगा। पत्र में तमिलनाडु में ईडब्ल्यूएस आरक्षण का विरोध, ब्राह्मण वर्चस्व जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए अंत में Inter-Services Intelligence (आईएसआई), Liberation Tigers of Tamil Eelam (लिट्टे) और डीएमके आईटी विंग चेन्नई का नाम लिखा गया था।

गौरतलब है कि इससे पहले नैनीताल, उत्तरकाशी, टिहरी और रुद्रप्रयाग के न्यायालय परिसरों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।