दिल दहला देने वाला कांड…पिता का घोंटा गला, फिर पेचकस घोंपकर किया लाश का ऐसा हश्र; इसलिए ली किसान की जान

फिरोजाबाद के थाना अरांव पुलिस ने किसान की हत्या का पर्दाफाश करते हुए उसके पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुत्र ने ही रस्सी से गला घोंटने के बाद पेचकस घोंपकर हत्या की थी। पुलिस के सामने अपने जुर्म का इकबाल किया है। आरोपी ने पिता पर चल रहे मुकदमा के खर्च से बचने और कुछ समय बाद पूरी होने वाली करीब 2.5 लाख की एलआईसी की रकम हड़पने के लिए हत्या की थी। 

बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। एसपी ग्रामीण त्रिगुण बिसेन ने बताया कि गांव टोडपुर बोथरी में 14 अगस्त की रात किसान ईश्वर दयाल ( 50) की घर से सौ मीटर दूर स्थित पशुबाड़े में गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। चेहरे और गर्दन के पास धारदार हथियार से भी चोट के निशान थे। 

मामले में मृतक की पत्नी जमुना देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बेटे डोरी लाल की भूमिका पुलिस को संदिग्ध लगी। बुधवार रात पुलिस ने मृतक के पुत्र डोरी लाल को पकड़ लिया। पूछताछ में वह टूट गया। 

सीओ सिरसागंज अनिवेश सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिता ईश्वर दयाल पर 2006 में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। यह मुकदमा निर्णय के स्तर पर पहुंच गया था। मुकदमा के खर्चे के लिए पैसे की जरूरत थी। 

पिता रुपयों लिए खेत के साथ अन्य संपत्ति को बेचने की योजना बना रहे थे। लेकिन पुत्र ने इसका विरोध किया था। इस बात को लेकर अक्सर विवाद होता था। इस दौरान आरोपी ने पिता की हत्या कर देने पर मुकदमा के खर्च से बचने और एलआईसी का पैसा हड़पने के लिए घटना को अंजाम दिया था।