ऑपरेशन ‘प्रहार’ में कलियर पुलिस को सफलता, दुष्कर्म का फरार वारंटी गिरफ्तार

Roorkee: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘प्रहार’ अभियान के तहत हरिद्वार जनपद की कलियर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जिले में वारंटियों, संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कलियर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नाहर सिंह निवासी पूरनपुर साल्हापुर, कोतवाली रानीपुर को गिरफ्तार किया।

बताया गया कि आरोपी काफी समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था, जिसके चलते उसके खिलाफ वारंट जारी किया गया था। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे दबोच लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह तोमर, उपनिरीक्षक राम अवतार और हेड कांस्टेबल ललित कुमार भी शामिल रहे।